June 23, 2026

मंगलवार, 25 अक्टूबर आंशिक सूर्य ग्रहण।

देहरादून 18 अक्टूबर 2022,

25 अक्टूबर 2022 को आंशिक सूर्य ग्रहण लगेगा। भारत में सूर्यास्त के पहले ग्रहण आरम्भ होगा तथा इसे अधिकांश स्थानों से देखा जा सकेगा। हांलाकि ग्रहण अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा उत्तर-पूर्व भारत के कुछ स्थानों से नहीं दिखाई देगा। ग्रहण का अंत भारत में नहीं दिखाई देगा क्योंकि वह सूर्यास्त के उपरांत भी जारी रहेगा।

भारत में उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम ग्रहण के समय सूर्य ग्रहण लगभग 40 से 50 प्रतिशत के बीच होगा। देश के अन्य हिस्सों में सूर्य ग्रहण का प्रतिशत उपरोक्त मान से कम होगा।

दिल्ली एवं मुम्बई में अधिकतम सूर्य ग्रहण के समय प्रतिशत क्रमश: 44 प्रतिशत एवं 24 प्रतिशत के लगभग होगा। ग्रहण की अवधि प्रारम्भ से लेकर सूर्यास्त के समय तक दिल्ली और मुम्बई में क्रमश: 1 घंटे 13 मिनट तथा 1 घंटे 19 मिनट की होगी। चेन्नई एवं कोलकाता में ग्रहण की अवधि प्रारम्भ से लेकर सूर्यास्त के समय तक क्रमश: 31 मिनट तथा 12 मिनट की होगी। ग्रहण यूरोप, मध्य पूर्व, अफ्रीका के उत्तर-पूर्वी हिस्सों, पश्चमी एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा उत्तर हिंद महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा।

भारत में अगला सूर्य ग्रहण 2 अगस्त 2027 को दिखाई देगा, जो पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। देश के सभी हिस्सों से वह आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में परिलक्षित होगा। अमावस्या को सूर्य ग्रहण तब घटित होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है तथा वे तीनों एक सीध में आ जाते हैं। आंशिक सूर्य ग्रहण तब घटित होता है जब चन्द्र चक्रिका सूर्य चक्रिका को आंशिक रूप से ही ढक पाती है।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.