December 18, 2025

हम आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं:लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि),

देहरादून , राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों एवं यहां आने वाले पर्यटकों से नौ आग्रह किए थे। सभी प्रदेशवासी इन नौ आग्रहों को नौ संकल्पों में बदलकर एक समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में अपना योगदान दें। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से इस वर्ष भी पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ राज्य को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि हम आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश की विकास यात्रा में उत्तराखण्ड भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों के परिश्रम से हम न केवल आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छू रहे हैं बल्कि देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।

आज गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्यपाल ने आज परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक अलंकरण कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 10 अधिकारियों/कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक प्रदान किये गये। इसके साथ ही राज्यपाल उत्कृष्ठ सेवा पदक से राज्य पुलिस बल के 8 अधिकारियों/कर्मचारियों का भी पदक अलंकरण किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 के लिए आई.टी.आई काशीपुर पुलिस थाना, ऊधमसिंह नगर को राज्य बेस्ट पुलिस थाना घोषित किया गया।

समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद नरेश बंसल, सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, डी.जी.पी. दीपम सेठ, सचिव श्री राज्यपाल रविनाथ रामन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं जनसामान्य भी उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.