September 29, 2026

कैंची धाम जा रहे गाजियाबाद के पर्यटकों की पेड़ से टकराई, जीजा-साले और दो बच्चियों की मौत

कालाढूंगी-बाजपुर हाईवे पर गड़प्पू के पास शुक्रवार सुबह छह बजे कैंची धाम जा रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में जीजा-साले और दो बच्चियों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बाजपुर भेजा गया है। मृतकों के शवों को कालाढूंगी पुलिस ने पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार में दो बच्चों समेत सात लोग सवार थे। सभी लोग गाजियाबाद के हैं। जो घूमने के लिए नैनीताल जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है

गाजियाबाद के स्यानी थाना नंद ग्राम निवासी प्रदीप यादव (28) पुत्र राजेश यादव अपनी पत्नी ज्योति (27) अपनी बेटियों अनन्या उर्फ परी (साढ़े तीन साल) व किट्टू (डेढ़ साल), साले राहुल (18) व विवेक (23) पुत्र गौरी शंकर यादव के साथ कार (यूपी14जीएन4349) से कैंची धाम जा रहे थे। उनके साथ राहुल का दोस्त दोस्त दीपांशु पुत्र रामविलास निवासी ग्राम नगला सुदमा थाना बेवर जिला मैनपुरी भी था।

गड़प्पू पुलिस चौकी से दो किमी पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें प्रदीप और राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रदीप की पत्नी ज्योति (27), बेटी अनन्या (5) व ढाई वर्षीय किट्टू, विवेक यादव (23) पुत्र गौरीशंकर और राहुल का दोस्त दीपांशु (22) पुत्र रामविलास गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर क्षेत्र के एसआई जयवीर सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी परिजनों को दी। शवों को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पांचों को काशीपुर के मुरादाबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शाम करीब चार बजे अनन्या और किट्टू ने भी दम तोड़ दिया।

घटना के कुछ देर बाद बाजपुर निवासी तेज प्रताप सिंह, काशीपुर निवासी अभिजीत सिंह व सिमरजीत सिंह हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती परिचित को देखकर कार से लौट रहे थे। सिमरजीत सिंह ने बताया जब वह मौके पर पहुंचे तब कार में सवार सभी लोग इधर-उधर पड़े थे। चालक प्रदीप यादव कार के स्टेयरिंग व सीट में फंसा हुए थे। दर्द से कराह रही ज्योति ने उन्हें बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। तलाश करने पर दोनों बच्चियां घटनास्थल से लगभग आठ-दस फुट दूर जंगल में मिलीं। युवकों ने बमुश्किल राहुल को कार से बाहर निकाला उस दौरान सांसें चल रही थीं, बाहर निकालने के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। युवकों ने पांचों घायलों को अपने निजी वाहन से मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचाया। सूचना पर पहुंची कुंडा थाना पुलिस ने दोनों बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

 

ठाकुर जी से मांगी थी बेटी
राहुल यादव के पिता राजेश यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात उनका बड़ा बेटा राहुल अपनी पत्नी, दोनों बेटियों, दो साले और साले के दोस्त के साथ नीम करौली बाबा दर्शन के लिए निकले थे। राजेश ने बताया कि उनकी पत्नी का लगभग सात-आठ साल पहले स्वर्गवास हो गया है। उनके तीन बेटे हैं। राहुल बड़ा बेटा था। राजेश के अनुसार जब राहुल की शादी की तब उन्होंने अपने ठाकुर जी से मन्नत मांगीं थी कि मेरे घर में तीन बेटे हैं अब बेटी देना। ठाकुर जी ने एक नहीं दो बेटियां दीं। सब कुछ खुश थे लेकिन क्या मालूम था जिन दो पोतियों को ठाकुर जी से मांगा। वह इतनी जल्दी छोड़कर उनसे इतनी दूर चली जाएंगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.