July 13, 2026

सांसद राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के लिए नोटिस दाखिल: नहीं लाया जाएगा राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव:

Delhi, 12 February 2026,

भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के लिए नोटिस दाखिल किया है। हालांकि राहुल गांधी के खिलाफ कोई विशेषाधिकार प्रस्ताव नहीं लाया जाएगा। यह कार्रवाई नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बुधवार 11 फरवरी को केन्द्रीय बजट पर चर्चा के दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और केंद्रीय बजट पर दी गई टिप्पणी के आधार पर की गई है। जिसमें उन्होंने सरकार पर “भारत माता को बेचने” का आरोप भी लगाया था। इन टिप्पणियों के बाद सदन में भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

निशिकांत दुबे का आरोप है कि राहुल गांधी कथित तौर पर बाहरी ताकतों की मदद से देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके इस कदम से संसद में सियासी माहौल और गर्म हो गया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कोई विशेषाधिकार प्रस्ताव नहीं है, लेकिन उन्होंने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एक ठोस प्रस्ताव पेश किया है।जिसमें उल्लेख किया है कि वे कथित तौर पर सोरोस फाउंडेशन, फोर्ड फाउंडेशन, यूएसएआईडी से जुड़े हुए हैं और थाईलैंड, कंबोडिया, वियतनाम और अमेरिका जैसे स्थानों की यात्रा करते हैं, और भारत विरोधी ताकतों से जुड़े हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को संसद में और संसद के बाहर कहा था कि बीजेपी राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी। लेकिन आज गुरुवार को बीजेपी ने सिर्फ लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की।

कांग्रेस की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि कई श्रमिक संगठन हड़ताल पर हैं। राहुल गांधी पर संभावित कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एफआईआर या केस किए जा सकते हैं, लेकिन इससे उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाजपा की योजना पर वेणुगोपाल ने कहा, “मैं भाजपा को राहुल गांधी के भाषण का जवाब देने की चुनौती देता हूं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कल अपने भाषण में सबसे अहम मुद्दे उठाए। निर्मला सीतारमण ने उनके सवालों का जवाब नहीं दिया। सदन स्थगित होने के बाद किरण रिजिजू ने एक वीडियो ट्वीट किया। उन्हें संसद का वीडियो कैसे मिला? संसदीय कार्य मंत्री अब असंसदीय हो गए हैं। उनका कर्तव्य संसद के सुचारू संचालन के लिए विपक्ष के साथ समन्वय करना है, लेकिन यहां संसदीय कार्य मंत्री खुद ही यह सब कर रहे हैं।

विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को भी संसद के मकर द्वार पर भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने तख्तियां लेकर इसे “धोखाधड़ी वाला समझौता” बताया। सांसदों ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों के विरोध में ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.