June 24, 2026

हल्द्वानी में एक दिन में दो बड़ी आग की घटनाएं

Fire

हल्द्वानी। शहर में मंगलवार का दिन आग की घटनाओं के नाम रहा। शाम को हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में आग लगने के बाद देर रात मुख्य बाजार मीरा मार्ग स्थित एक जूते की दुकान में भी भीषण आग लग गई। दोनों घटनाओं ने शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:45 बजे मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा जूते-चप्पलों सहित अन्य सामान उसकी चपेट में आ गया। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि यह दुकान समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के छोटे पुत्र सुमेर सिद्दीकी की है। आग से दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस मामले में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका ने बताया कि मंगलवार को शहर में आग की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के दौरान सबसे बड़ी समस्या फायर हाइड्रेंट के सुचारू रूप से कार्य नहीं करने की सामने आई। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य मार्गों पर लगे फायर हाइड्रेंट सही स्थिति में होते तो आग पर और तेजी से नियंत्रण पाया जा सकता था।

एसडीएम ने कहा कि अब शहर के सभी फायर हाइड्रेंट की जांच कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी के निर्देश पर बड़े संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण कराया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

एक ही दिन में हुई आग की दो बड़ी घटनाओं ने प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सभी संस्थानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

मोनिका, एसडीएम हल्द्वानी

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.