रेड अलर्ट के बीच टनकपुर में बड़ा हादसा टला, खाई में गिरी कार से चार लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
चम्पावत। जनपद में जारी रेड अलर्ट के बीच जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिला आपदा कंट्रोल रूम लगातार 24×7 निगरानी रख रहा है। इसी सतर्कता का परिणाम रहा कि टनकपुर क्षेत्र में खाई में गिरी कार में सवार चार लोगों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कोतवाली टनकपुर क्षेत्र के बस्तिया के समीप छोटी पुलिया के पास एक कार (वाहन संख्या DL12 DA 1423) अनियंत्रित होकर लगभग 5 से 10 फीट गहरी खाई में गिर गई है। दुर्घटना के समय वाहन में चार लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम ने तत्काल कोतवाली टनकपुर पुलिस, फायर स्टेशन टनकपुर, एसडीआरएफ तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना किया। सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ बिना किसी देरी के राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए कार में फंसे सभी चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि रेड अलर्ट के मद्देनजर जनपद का संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। जिला आपदा कंट्रोल रूम से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 या जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दें।
