Recent Posts

October 11, 2026

महंगाई पर भाजपा का पलटवार, विनय गोयल बोले- वैश्विक परिस्थितियों से बढ़ी कीमतें

Vinay Goyal

बढ़ती महंगाई को लेकर विपक्ष के लगातार हमलों के बीच भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने महंगाई को वैश्विक परिस्थितियों से उपजा संकट बताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं और पूरी दुनिया युद्ध जैसी परिस्थितियों से गुजर रही है।

विनय गोयल ने कहा कि वैश्विक हालात का असर खाद्य वस्तुओं, पेट्रोल-डीजल समेत कई जरूरी चीजों की कीमतों पर पड़ा है। दुनिया के कई देशों में आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भारत में केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी आवश्यक वस्तु की कमी न होने पाए और बाजार में पर्याप्त मात्रा में सामान उपलब्ध रहे।

उन्होंने दावा किया कि सरकार ने मूल्य वृद्धि को काफी हद तक नियंत्रण में रखा है और महंगाई को लेकर लगातार गंभीरता से काम किया जा रहा है। विनय गोयल ने कहा कि सरकार की ओर से महंगाई पर नियंत्रण के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार आम जनता को राहत देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विपक्ष के महंगाई को लेकर किए जा रहे हमलों पर कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को वैश्विक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

विनय गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, भाजपा।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.