राहुल गांधी पर ‘मियां’ टिप्पणी से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान राहुल गांधी को लेकर की गई ‘मियां’ टिप्पणी ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दूसरे प्रदेश दौरे पर हैं और इस बार कुमाऊं मंडल पर फोकस करते हुए हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक से पहले अपने संबोधन के दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने नितिन नवीन की शब्दावली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन सुनकर ऐसा लगा, जैसे कोई गली का नेता बोल रहा हो। उन्होंने कहा कि ठाकुर-राजपूत समाज के उन लोगों के लिए भी ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता था, जो देश और समाज की रक्षा करते थे।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भले ही ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल नकारात्मक तरीके से किया हो, लेकिन जनता ने इसे सकारात्मक रूप में लिया है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व की भाषा और राजनीतिक मर्यादा पर भी सवाल खड़े किए।
डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें उसी तरह का संबोधन मिलेगा। जोशी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कभी शहीदों के घर जाने की बात की, लेकिन मोहम्मद दीपक को घर बुलाकर सम्मानित किया।
भाजपा प्रवक्ता ने नितिन नवीन द्वारा राहुल गांधी को ‘मियां’ कहे जाने को जायज ठहराते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक दोहरेपन का आरोप लगाया। दोनों दलों के बीच जुबानी जंग के बाद यह मुद्दा उत्तराखंड की सियासत में नया विवाद बनता नजर आ रहा है।
मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।
