पूर्व सैनिकों ने उठाई समान कार्य-समान वेतन की मांग, नेगी बोले- अधिकारों की लड़ाई में मोर्चा साथ
विकासनगर। डाकपत्थर स्थित मनोरंजन सदन द्वितीय में पूर्व सैनिकों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रघुनाथ सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्व सैनिकों ने नेगी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने उपनल के माध्यम से उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) में कार्यरत पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों और वाहन चालकों के वेतन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे लंबे समय से यूजेवीएनएल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समान कार्य करने के बावजूद उन्हें समान वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से इस विसंगति को दूर कर समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग की।
कार्यक्रम में रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व सैनिकों की यह मांग अब केवल उनकी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, बल्कि जन संघर्ष मोर्चा भी इसे अपनी लड़ाई मानकर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े इस मुद्दे को जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
नेगी ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा की है और उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि शासन की ओर से पूर्व सैनिकों की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों को उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिलाया।