मसूरी में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, मंत्री गणेश जोशी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग की ओर से विधानसभा क्षेत्र मसूरी में आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा अपनी खेल प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल प्रतिभाओं की मजबूत नर्सरी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल नीति-2021 के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग, पुरस्कार और रोजगार के अवसरों से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना और 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार तथा पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न सेवायोजन की व्यवस्था भी की गई है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन, खेल उपकरण उपलब्ध कराने और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए आवश्यक सहायता देने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराती हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र में मौजूद खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
