कुंभ 2027 की तैयारियों पर एडीजी की सख्ती, हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार होगा प्लान
हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस महकमे ने व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन एपी अंशुमान ने रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की।
एडीजी ने निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि मेले के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
पुलिस लाइन से लेकर पार्किंग तक की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में कुंभ क्षेत्र में प्रस्तावित पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाने-चौकियां, होल्डिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की तैयारियों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही मेला नियंत्रण भवन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े आधुनिक संसाधनों की भी समीक्षा की गई।
एडीजी ने सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, वाहनों, अग्निशमन उपकरण और भीड़ नियंत्रण से जुड़े संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यकताओं का आकलन करने के निर्देश दिए।
हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार रहे पुलिस प्लान
एपी अंशुमान ने कहा कि कुंभ के दौरान प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण होगा। ऐसे में किसी एक आयोजन को ध्यान में रखकर अंतिम समय में व्यवस्थाएं तैयार करने के बजाय सभी स्नान पर्वों के लिए पहले से विस्तृत प्लान तैयार किया जाए।
उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती का प्लान पहले से तैयार करने के निर्देश दिए। भीड़ के दबाव वाले क्षेत्रों, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
बजट और अतिरिक्त संसाधनों पर भी मंथन
बैठक में कुंभ की तैयारियों के लिए आवश्यक बजट, अतिरिक्त संसाधनों और पुलिसकर्मियों की जरूरत की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों और प्रस्तावित आवश्यकताओं का आकलन कर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एडीजी ने कुंभ मेला पुलिस के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग का फोकस कुंभ के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए पहले से मजबूत व्यवस्था तैयार करने पर है।
एपी अंशुमान अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन
