नवंबर में लगेंगे तीन बड़े रोजगार मेले, पॉलीटेक्निक पास युवाओं को मिलेगा मौका
प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगामी नवंबर माह में प्रदेशभर में वृहद स्तर पर तीन रोजगार मेले आयोजित करने की तैयारी करने को भी कहा। इन मेलों में पॉलीटेक्निक पास आउट छात्र-छात्राओं के साथ अन्य बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को आमावाला स्थित आईआरडीटी सभागार में तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
छात्रावासों के निर्माण को प्राथमिकता
विभागीय मंत्री ने कहा कि जिन पॉलीटेक्निक कॉलेजों में छात्रावासों की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर डीपीआर तैयार कर जल्द शासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाएं और पुस्तकालय विकसित करने के साथ छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पॉलीटेक्निक कॉलेजों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रावासों में रहते हैं। ऐसे में उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए कॉलेजों में शुद्ध पेयजल, खेल सामग्री, ओपन जिम और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
नवंबर में होंगे तीन बड़े रोजगार मेले
बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य फोकस युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अधिकारियों को आगामी नवंबर में वृहद स्तर पर तीन रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक से पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के साथ अन्य बेरोजगार युवक-युवतियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां अभी से शुरू करने और आयोजन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इन पॉलीटेक्निक कॉलेजों में निर्माण कार्य अंतिम चरण में
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक लोहाघाट, सल्ट, दन्या, गरुड़, गैरसैंण, नई टिहरी, पंतनगर और काशीपुर में भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। इन कार्यों को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी शिक्षा संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों में तेजी लाई जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
