October 17, 2026

नवंबर में शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे उत्तराखंड के मेधावी छात्र, धन सिंह रावत ने दिए निर्देश

Meeting

उत्तराखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं को नवंबर माह में अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा। इसके लिए विद्यालयी शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों, खेल प्रशिक्षण केंद्रों, प्रौद्योगिकी संस्थानों और सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और निदेशालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने को कहा, ताकि संबंधित अधिकारी सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा कर सकें।

IIT रुड़की से जिम कॉर्बेट तक शैक्षिक भ्रमण

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और नई तकनीकों से परिचित कराना है। इसके तहत विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों, खेल प्रशिक्षण संस्थानों, प्रौद्योगिकी संस्थानों, सांस्कृतिक एवं विरासत स्थलों के साथ संगीत और कला अकादमियों का भ्रमण कराया जाएगा।

प्रदेश के भीतर भी विद्यार्थियों को आईआईटी रुड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, एफआरआई देहरादून, आईएएस प्रशिक्षण अकादमी मसूरी और जिम कॉर्बेट पार्क सहित प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

एक माह में खातों में भेजी जाएगी धनराशि

बैठक में शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल की धनराशि एक माह के भीतर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने निःशुल्क टैबलेट सहित विद्यार्थियों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को पीएम-श्री और समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत तैयार आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और छात्रावास जैसी परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण करने के निर्देश भी दिए।

एससीईआरटी और डायट के नए ढांचे का प्रस्ताव कैबिनेट में आएगा

डॉ. रावत ने एससीईआरटी और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के नए ढांचे के गठन सहित अन्य प्रमुख प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा विद्यार्थियों को मिलने वाले निःशुल्क टैबलेट, स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल की धनराशि में वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

शिक्षकों के रिक्त पद भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती, अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन एवं प्रांतीयकरण और सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों तक विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.