October 27, 2026

रामनगर में बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

Accident

रामनगर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सांवल्दे गांव का है, जहां देर रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार 55 वर्षीय दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, स्कूटी सवार दो युवतियों समेत तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रामनगर के बम्बाघेर निवासी 55 वर्षीय दीपक मसी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सांवल्दे गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। स्कूटी कानिया गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक आर्या चला रहा था। उसके साथ कानिया निवासी 26 वर्षीय पूजा और नैनीताल के ज्योलिकोट निवासी 20 वर्षीय दिव्या भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां सांवल्दे मार्ग पर स्थित एक रिसॉर्ट में काम करती हैं।

सिर में गंभीर चोटें, तीनों घायलों को हायर सेंटर भेजा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दीपक मसी सहित चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक आर्या, पूजा और दिव्या की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय की चिकित्सक डॉ. सारिका ने बताया कि सांवल्दे के पास हुई दुर्घटना के बाद चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 55 वर्षीय दीपक मसी की मौत हो चुकी थी। अन्य तीनों घायलों के सिर में चोटें आई थीं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और न्यूरोसर्जरी विभाग में उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। उधर, पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। बाइक और स्कूटी की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. सारिका, चिकित्सक, रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.