गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में बवाल, कुलसचिव के साथ मारपीट का आरोप
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की। इस दौरान उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा मच गया।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारियों और शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का आंदोलन पिछले करीब 15 दिनों से चल रहा था। शुक्रवार देर रात प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच समझौता होने के बाद आंदोलन समाप्त हो गया था। हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर विवाद शुरू हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं। वह कुलसचिव को अपने साथ लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं, जहां उनका मेडिकल कराया जा रहा है।
कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा मेहता लूथरा ने मारपीट की घटना की बात कही है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाएगी।
वहीं, कनखल कोतवाली प्रभारी के मुताबिक अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, कुलपति, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय।
