November 4, 2026

केदारताल ट्रेक हादसा: तीन शव बरामद, हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए

accident

केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में SDRF उत्तराखंड पुलिस का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीनों शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी पहुंचाया गया है। वहीं, शेष लापता लोगों की तलाश के लिए दुर्गम केदारताल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण ट्रेक मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसके चलते दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। इसके बाद मामले की सूचना प्रशासन को दी गई और लापता सदस्यों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रही हैं। इस संयुक्त अभियान में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी जुटी हुई हैं।

अत्यंत दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार सर्चिंग कर रही हैं। अभियान के दौरान बरामद तीनों शवों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित मातली पहुंचाया गया है।

वहीं, शेष लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए केदारताल क्षेत्र में संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय और पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटी हुई हैं।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.