November 4, 2026

देहरादून के मोहब्बेवाला में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 6 साल का बच्चा घायल

देहरादून, 4 नवंबर 2026 | Spot Witness Times

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। साईं मंदिर के पास खाद से लदा एक अनियंत्रित ट्राला कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार एक मासूम बच्चा घायल हो गया।

कार के ऊपर पलटा ट्राला, कटर से काटकर निकाले गए शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार सहारनपुर से देहरादून लौट रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला के पास भारी वाहन की चपेट में आने से कार ट्राले के नीचे दब गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचावकर्मियों को कटर की मदद से वाहन काटना पड़ा। इस दौरान काफी मशक्कत के बाद चार लोगों के शव बाहर निकाले गए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज के रूप में हुई है।

कार में सवार छह वर्षीय माहेर कपूर को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना के बाद मोहब्बेवाला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ और कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू करने का प्रयास किया।

मोहब्बेवाला और आशारोड़ी क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.