November 7, 2026

दीपावली पर आगजनी रोकने के लिए अग्निशमन विभाग अलर्ट, 41 संवेदनशील स्थानों पर तैनात होंगे पानी के टैंकर

Fire department

दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने और आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए देहरादून अग्निशमन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। पटाखों और सजावटी लाइटों के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए विभाग ने शहरभर में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह अलर्ट है।

उन्होंने बताया कि जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर शहर के करीब 41 संवेदनशील स्थानों पर पानी के टैंकर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पलटन बाजार समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजारों में फायर टेंडरों को दिन में तीन बार संचालित किया जा रहा है। इस अभ्यास का उद्देश्य संकरी और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर दमकल वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करना और लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना है।

सीएफओ अभिनव त्यागी ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानें इस तरह लगाएं कि दमकल वाहनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बाजारों में अतिक्रमण और रास्तों में सामान रखने से बचें, ताकि आग लगने की स्थिति में अग्निशमन वाहन तत्काल घटनास्थल तक पहुंच सकें।

उन्होंने दुकानदारों को विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और दुकानों में बिजली की ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी। साथ ही अग्निशमन विभाग की ओर से दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि आग लगने की शुरुआती स्थिति में ही उस पर काबू पाया जा सके।

अग्निशमन विभाग ने आमजन और व्यापारियों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है।

अभिनव त्यागी ,मुख्य अग्निशमन अधिकारी देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.