November 10, 2026

उत्तरकाशी: शीतकाल के लिए आज होगे गंगोत्री धाम के कपाट बंद

Gangotri Dham

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं और आर्मी बैंड की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा के लिए रवाना होगी। मां गंगा के स्वागत को लेकर मुखबा गांव में भी तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष गंगोत्री धाम में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए।

मंगलवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में कपाट बंद होने की धार्मिक परंपराओं और पूजा-अर्चना का क्रम जारी है। मां गंगा की विशेष पूजा के साथ गंगा लहरी और गंगा सहस्रनाम का पाठ किया जा रहा है। कपाट बंद होने के अवसर पर पूरे गंगोत्री धाम को पांच कुंतल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। फूलों की आकर्षक सजावट से धाम की छटा देखते ही बन रही है। कपाट बंद होने के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।

कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी। आज मां गंगा की डोली का रात्रि प्रवास मारकंडे देवी मंदिर में होगा। इसके बाद कल भैया दूज के पावन पर्व पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा पहुंचेगी।

मां गंगा के छह माह बाद अपने मायके मुखबा लौटने को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। गांव में मां गंगा के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी छह माह तक श्रद्धालु मुखबा स्थित शीतकालीन मंदिर में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस वर्ष गंगोत्री धाम के कपाट खुलने से लेकर अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। अब शीतकाल के छह महीनों में मां गंगा की पूजा-अर्चना उनके मायके मुखबा में होगी। मां गंगा की उत्सव डोली की विदाई के साथ ही गंगोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास की धार्मिक परंपरा शुरू हो जाएगी।

 

राजेश सेमवाल रावल गंगोत्री

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.