November 10, 2026

साइबर ठगी रोकने को STF की नई पहल, 1930 कंट्रोल रूम में तैनात हुआ SBI का नोडल अधिकारी

Ajay

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पीड़ितों की रकम बचाने और ठगी की धनराशि को दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर होने से रोकने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ ने नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब साइबर हेल्पलाइन 1930 के कंट्रोल रूम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है।

इस पहल का उद्देश्य साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही पुलिस और बैंक के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करना है, ताकि ठगी के जरिए खाते से निकाली गई रकम को आगे दूसरे खातों में पहुंचने से पहले ही होल्ड या फ्रीज कराया जा सके।

एसटीएफ के अनुसार, यह व्यवस्था भारत सरकार की पहल US4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के तहत स्थापित फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर के माध्यम से संचालित की जा रही है। इससे बैंक और पुलिस के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

एसटीएफ की योजना जल्द ही अन्य प्रमुख बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी एक ही स्थान पर तैनात करने की है, जिससे साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई और अधिक प्रभावी हो सके।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को बचाने की संभावना बढ़ सकती है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.