भाई दूज 2026: भाई-बहन के प्रेम और अटूट विश्वास का पर्व, देशभर में मनाया जा रहा यम द्वितीया का त्योहार
देहरादून दीपावली के पावन पर्व के बाद मनाया जाने वाला भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।
भाई दूज के अवसर पर घरों में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल रहता है। बहनें पूजा की थाली सजाती हैं, जिसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई और फल रखे जाते हैं। भाई को तिलक लगाने के बाद मिठाई खिलाई जाती है। वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सहयोग का संकल्प लेते हैं।
क्या है भाई दूज का पौराणिक महत्व?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान सूर्य के पुत्र यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने उनके घर पहुंचे थे। यमुना ने अपने भाई का स्वागत किया, तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसका आतिथ्य स्वीकार करेगा और बहन से तिलक करवाएगा, उसे सुख-समृद्धि और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलेगा। इसी मान्यता के कारण इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है।
देशभर में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है यह पर्व
भारत के विभिन्न राज्यों में भाई दूज को अलग-अलग नामों से मनाया जाता है। महाराष्ट्र और गोवा में इसे भाऊ बीज, पश्चिम बंगाल में भाई फोंटा तथा अन्य क्षेत्रों में भाई दूज या भैया दूज कहा जाता है। परंपराओं में अंतर होने के बावजूद इस पर्व का मूल संदेश भाई-बहन के प्रेम और आपसी विश्वास को मजबूत करना है।
भाई दूज 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त
तारीख: 11 नवंबर 2026
तिथि: कार्तिक शुक्ल द्वितीया
द्वितीया तिथि प्रारंभ: 10 नवंबर दोपहर 2:00 बजे
द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर दोपहर 3:53 बजे
दिल्ली में तिलक मुहूर्त: दोपहर 1:10 से 3:20 बजे तक।
स्थानीय पंचांग के अनुसार अलग-अलग शहरों में शुभ मुहूर्त में अंतर हो सकता है।
प्रेम, विश्वास और रिश्तों को मजबूत करने का संदेश
भाई दूज केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है। बदलते समय में जहां लोग अपनी व्यस्त दिनचर्या के कारण परिवार को कम समय दे पा रहे हैं, वहीं ऐसे त्योहार रिश्तों में अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने का संदेश देते हैं।
Spot Witness Times कि ओर से भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं।
