सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ की माता को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
