हरिद्वार: विश्व मात्स्यिकी दिवस पर सीएम धामी ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज
विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस पहल के जरिए गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने के साथ ही जलीय जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा केवल हमारी आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समृद्ध जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का भी आधार है। इसकी प्राकृतिक संपदा और जलीय जीवों का संरक्षण बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने आमजन से नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने और जलीय जीवों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही इसकी जैव विविधता को सुरक्षित रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
