कुंभ-2027: हरिद्वार पहुंचा जूना अखाड़े का रमता पंच, संतों का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत
हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच अखाड़ों की धार्मिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। मंगलवार शाम श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कुंभ नगरी हरिद्वार में प्रवेश किया। चंडी चौक पर बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ संतों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, नागा साधु, श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रमता पंचों के नगर प्रवेश के अवसर पर मेला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी स्वागत के लिए पहुंचे। मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने जूना अखाड़े के वरिष्ठ संतों एवं रमता पंचों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
दरअसल, रमता पंच अखाड़ों की धार्मिक परंपराओं में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक आयोजनों में उनकी अहम भूमिका होती है। उनके हरिद्वार आगमन के साथ ही अब अखाड़ों की छावनी स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई जैसी पारंपरिक गतिविधियों की तैयारियां भी गति पकड़ेंगी।
जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एक दिसंबर को छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।
इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि अखाड़ों की धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं का सम्मान करते हुए मेला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
सोनिका सिंह कुंभ मेला अधिकारी
