June 23, 2026

मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का हुआ शुभारम्भ

 

आज जीवन का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहाँ बेटियों ने सफलता न पाई हो : मुख्यमंत्री 

अल्मोड़ा रिपोर्टर एसबीटी न्यूज़

अल्मोड़ा। 17 जुलाई, – प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वअर्चुल माध्यम से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शिता का परिणाम है कि इस अभियान से व्यापक जनजागरूकता आई है। इससे लिंगानुपात मे सुधार भी देखने को मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने आस पास देखें तो पाएंगे कि बेटों की बजाय बेटियां माता पिता का अधिक ख्याल रखती हैं। आज जीवन का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहाँ बेटियों ने सफलता न पाई हो। उन्होंनेे कहा कि नंदा गौरा देवी कन्याधन योजना बेटियों को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण योजना है।  जल्द ही मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू करने जा रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि हमें बेटियों को आगे बढाने के लिए दोहरी मानसिकता को खत्म करना है। प्रकृति और संविधान ने समानता का संदेश दिया है। इसलिए बेटियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। महिला-पुरूष का समाज में समान महत्व है। भेदभाव की सोच को समाप्त करना है।

प्रसवोपरांत मातृ व कन्या शिशु के पोषण और अतिरिक्त देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत प्रथम दो बालिकाओं/जुड़वा बालिकाओं के जन्म पर माता और नवजात कन्या शिशु को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई जा रही है।

इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने 10 महिलाआंे एवं बच्चियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। किट में बादाम, छुआरा, अखरोट, बच्ची हेतु जुराब, तौलिया, स्कार्फ, तेल, साबुन, कम्बल सहित लगभग दो दर्जन चीजे रखी गयी है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में इस योजना से 1002 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विकासखण्डों में किट पहुॅचा दी गयी है और बाल विकास के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर किट वितरित करने के निर्देश दिये है।

इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिला मंत्री विनीत बिष्ट, धर्मवीर आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर पाण्डे, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमित्रा आर्या, विनीता वर्मा, महिला कल्याण अधिकारी आफरीन जहा, बाल विकास विभाग की चम्पा जोशी, गीता जोशी, राजकुमार के अलावा योजना से जुड़े लाभार्थी उपस्थित थे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.