मसूरी-देहरादून मार्ग पर लोडर जीप में मिला 22 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी प्वाइंट के निकट एक लोडर जीप की बॉडी में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान जौनपुर क्षेत्र के टकारना गांव निवासी मनीष के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मनीष रोजाना सुबह करीब 3 बजे सामान लेने के लिए मसूरी से देहरादून जाता था। बताया जा रहा है कि वह आज भी तड़के देहरादून के लिए निकला था। इसके बाद मैगी प्वाइंट के पास लोडर जीप की बॉडी में उसका शव मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरादून स्थित कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि युवक के गले में पतली प्लास्टिक की रस्सी बंधी हुई मिली है। इस कारण घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों के साथ ही युवक के आने-जाने और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय निवासी रघुवीर ने बताया कि मनीष रोजाना सुबह करीब 3 बजे मसूरी से देहरादून सामान लेने जाता था और फिर सामान लेकर वापस मसूरी आता था। उन्होंने बताया कि युवक किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करता था। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है।
स्थानीय निवासी रघुवीर
