खरगे और राहुल गांधी के साथ रणनीति पर की चर्चा, तीन माह का रोडमैप तैयार करेगी कांग्रेस
2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सक्रिय दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष नेता लगातार पार्टी के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं
उत्तराखंड के जनहित मुद्दों को उठाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से तीन माह का रोडमैप तैयार किया जाएगा। मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों व आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।
2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सक्रिय दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष नेता लगातार पार्टी के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं। नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लिया। इसके अलावा शीर्ष नेताओं ने आगामी रणनीति पर चर्चा कर प्रदेश नेताओं को तीन माह का रोडमैप बनाने के निर्देश दिए। रोडमैप के आधार पर पार्टी के सभी नेता संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे
बैठक में शीर्ष नेताओं ने निर्देश दिए कि राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के तहत 31 जनवरी से 6 फरवरी तक राज्य भर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सात से 16 फरवरी के बीच राज्य स्तर पर विधानसभाओं के घेराव के लिए रैली आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, पार्टी हाईकमान ने तीन माह का रोडमैप बनाने के निर्देश दिए हैं। 29 जनवरी को सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रोडमैप की रूपरेखा तय की जाएगी।
