सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोज्तबा के उत्तराधिकारी बनने की खबर: नए उत्तराधिकारी को ढूंढ कर मार देने की इजरायल की चेतावनी,
Delhi, 04 March 2026,
पश्चिम एशिया में संघर्ष एक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिकी- इजरायली हमले से मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई के उत्तराधिकारी बनने की खबरें हैं। इजरायल ने चेतावनी दी कि, अली खामेनेई की जगह चुने गए उत्तराधिकारी को इजरायल ढूंढ कर मार देगा। बीते शनिवार यूएस-इजरायल के संयुक्त एयर स्ट्राइक में खामेनेई समेत कई शीर्ष अधिकारियों की मौत हो गई थी। हवाई हमले में सर्वोच्च धार्मिक नेता के परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए थे। तेहरान में इमाम खुमैनी प्रेयर हॉल में आज 4 मार्च को शाम से शुरू होने वाला तीन दिवसीय विदाई समारोह स्थगित है। यातायात और भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत विदाई समारोह को स्थगित किए जाने का फैसला लिया गया है।
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के लगभग पांच दिन बाद स्टेट मीडिया ने बताया है कि उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नए सुप्रीम लीडर के रूप में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने चुना है। फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री का एक बयान भी सुर्खियों में है जिसमें उन्होंने कहा है कि खामेनेई की जगह चुने गए किसी भी शख्स को इजरायल ढूंढ कर मार देगा। अयातुल्ला अली खामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता थे और देश की राजनीतिक व धार्मिक व्यवस्था में केंद्रीय भूमिका निभाते रहे। 1989 में सत्ता संभालने के बाद उन्होंने ईरान की विदेश नीति, रक्षा रणनीति और क्षेत्रीय रुख को आकार देने में अहम प्रभाव डाला था।
ईरानी स्टेट मीडिया ने पुष्टि की है कि तेहरान में इमाम खुमैनी प्रेयर हॉल में आज होने वाला तीन दिवसीय विदाई समारोह स्थगित कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोजन से जुड़ी लॉजिस्टिक समस्याओं के कारण कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि समारोह की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। यह कार्यक्रम बुधवार रात 10 बजे शुरू होना था और इसमें देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी। ईरान के कई प्रांतों से नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेने की इच्छा जताई थी। जिससे आयोजन की व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर सामने आई चुनौतियों के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन इसे टालने का निर्णय लिया।
