देहरादून 04 जून 2023,
ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी केंद्र सरकार पर हमलावर होते हुए ट्वीट कर रेल मंत्री से इस्तीफे की मांग की है. साथ ही राहुल गांधी ने कहा है कि 270 के लगभग मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती। प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए!
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर बालासोर में हुए रेल हादसे को भयावह बताया है। उन्होंने केन्द्र सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि, क्या मानवीय और नैतिक आधार पर शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं तय की जानी चाहिए?’
वंही कांग्रेस ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुए भीषण रेल दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। दुर्घटना स्थल की स्थिति का जायजा लेने के लिए अपने दो वरिष्ठ नेताओं अधीर रंजन चौधरी और ए चेल्ला कुमार को घटनास्थल पर भेजा है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के सभी नेताओं को निर्देश दिया है कि वह बालासोर रेल हादसे के प्रभावितों को अपने स्तर पर हर संभव सहायता करें।
खरगे ने ट्वीट किया, ‘ओडिशा में हुई भयावह रेल दुर्घटना एक राष्ट्रीय त्रासदी से कम नहीं है। मैंने समूचे कांग्रेस पार्टी संगठन को इस मौके पर निर्देशित किया है कि इस आपदा में पीड़ितों की यथासंभव मदद की जाये।
उन्होंने कहा, ‘इस आपदा की घड़ी में मैं उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिनके परिजनों ने अपनी जान गंवाई।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा था , ‘ कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, पार्टी के उड़ीसा प्रभारी ए चेल्ला कुमार को तत्काल घटनास्थल पर भेजा है।
कांग्रेस के जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘ ओडिशा में हुआ रेल हादसा वाकई बहुत दर्दनाक है। यह अत्यंत दुख का विषय है।