February 20, 2026

राहुल गांधी और कांग्रेस के सांसदों को खुली धमकी:घर में घुसकर गोली मार देंगे,

Delhi, 19 February 2026,

तथाकथित गोरक्षक और करणी सेना का कार्यकर्ता बताने वाले एक शख्स ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के सांसदों को खुली धमकी दी है। उसने कहा कि राहुल और कांग्रेस सांसदों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राहुल और कांग्रेस सांसदों को घर में घुसकर गोली मार देंगे। राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दिए जाने संबंधी वीडियो का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कांग्रेस मीडिया के पवन खेड़ा ने कहा कि, यह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा की सुनियोजित साजिश है। पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर तथाकथित वीडियो साझा किया जिसमें एक व्यक्ति को राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देते सुना जा सकता है। यद्यपि हमारा पोर्टल स्पाॅट विटनेस टाईम्स प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

पवन खेड़ा ने दावा किया तथाकथित करणी सेना द्वारा राहुल गांधी और “25 सांसदों” के खिलाफ दी गई धमकी कोई अलग-थलग पड़ी घटना नहीं है। यह एक सुनियोजित और कपटपूर्ण साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस नेता ने कहा, ”पहले, किरेन रीजीजू ने सार्वजनिक रूप से झूठ बोला और देश को गुमराह किया कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में ओम बिरला का अपमान किया, जबकि उपलब्ध वीडियो फुटेज इस दावे का खंडन करती है, जिसमें ऐसा कोई अपमान दिखाई नहीं देता। बल्कि, उस दौरान लोकसभा अध्यक्ष को मुस्कराते हुए देखा जा सकता है। खेड़ा ने कहा, ”भाजपा सांसदों ने विभिन्न मंचों पर लगभग एक जैसी पंक्ति दोहरानी शुरू कर दी कि राहुल गांधी “भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा” हैं। यह विपक्ष को बदनाम करने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों, विशेषकर राहुल के खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने का एक सुनियोजित अभियान है।

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”स्वघोषित कार्यकर्ता, कांग्रेस नेताओं को जान से मारने की खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। यह राष्ट्रीय विमर्श में भाजपा द्वारा पैदा की गई नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि, भाजपा के लोग राजनीतिक विरोधियों को कट्टर दुश्मन मानते हैं जिनको वे खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, ”भाजपा-आरएसएस का तंत्र भूल जाता है कि राहुल जी, इंदिरा गांधी जी और राजीव गांधी जी की विरासत से हैं और उन्होंने हम सभी को ‘डरो मत’ का नारा दिया है! वह ऐसे घटिया ‘ट्रोल’ से डरेंगे नहीं और हर विरोधी का डटकर मुकाबला करते रहेंगे।”

(भाषा)

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.