ऑपरेशन क्रैकडाउन: देहरादून में 3 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
देहरादून में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र में तीन विदेशी महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गईं।
रायपुर स्थित सांई कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में रह रही इन महिलाओं से जब वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकीं। पूछताछ में उनकी पहचान ईरीका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा नीम (दोनों उज्बेकिस्तान) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस को पासपोर्ट, फर्जी आधार और पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा सहित कई दस्तावेज बरामद हुए। जांच में सामने आया कि ईरीका वीजा खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रही थी, जबकि अन्य दोनों महिलाएं नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं।
तीनों आरोपी पिछले कई महीनों से देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर रह रही थीं और दिल्ली में आपस में संपर्क में आई थीं। फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाने में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
