February 2, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन,

Kerala, 23 January 2026,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल के तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। श्री मोदी ने इस अवसर पर आयोजित समारोह में कहा कि केरल के विकास के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों को आज नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केरल में रेल संपर्क को ज्यादा मजबूत किया गया है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम को बड़े स्टार्टअप केंद्र के रूप में परिवर्तन करने के लिए उपाय किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के शुभारंभ के साथ ही केरल से गरीबों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी पहलकदमी की शुरुआत हुई है। श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि इससे देश भर में रेहड़ी-पटरी वाले विक्रेताओं और फुटपाथ पर काम करने वालों को लाभ होगा। उन्होंने इन विकास और रोजगारोन्मुख पहलकदमियों के लिए केरल के निवासियों और समूचे राष्ट्र के नागरिकों को बधाई दी।

श्री मोदी ने कहा कि वर्तमान में समूचा राष्ट्र एक विकसित भारत के निर्माण की अपनी कोशिशों में एकजुट है। इस अभियान में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में शहरी अवसंरचना में काफी निवेश किया है। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि केंद्र सरकार ने शहरों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए विस्तृत कार्य शुरू किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश भर में 4 करोड़ से ज्यादा मकान बना कर गरीबों को दिए गए हैं। इनमें से 1 करोड़ से अधिक स्थाई मकान शहरी गरीबों को मिले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अकेले केरल में लगभग 1.25 लाख शहरी गरीब परिवारों को स्थाई मकान प्राप्त हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बिजली का खर्च घटाने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत के अंतर्गत गरीब नागरिकों को 5 लाख रुपए का इलाज निःशुल्क मिल रहा है। महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मातृ वंदना जैसी योजनाएं आरंभ की गई हैं। श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 12 लाख रुपए तक की आय को कर से मुक्त किया है जिसका काफी लाभ केरल के मध्यवर्गीय और वेतनभोगी कर्मचारियों को मिलेगा ऋण।

रेल कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देते हुए, प्रधानमंत्री ने चार नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई, जिसमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और एक पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। इनमें नागरकोइल-मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम-तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम-चेरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और त्रिशूर और गुरुवायूर के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन शामिल है। इन सेवाओं के शुरू होने से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में काफी सुधार होगा, जिससे यात्रियों के लिए यात्रा अधिक किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध हो जाएगी। बेहतर कनेक्टिविटी से इस पूरे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा।

मोदी ने कहा कि भारत सरकार ने रेहड़ी-पटरी वालों को क्रेडिट कार्ड प्रदान कर एक कदम और आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि केरल में 10 हजार और तिरुवनंतपुरम में 6 सौ से ज्यादा व्यक्तियों समेत लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड अभी यहां वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक सिर्फ धनवान क्रेडिट कार्ड रखते थे मगर अब पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड रेहड़ी-पटरी वालों के पास भी है। प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में एक अत्याधुनिक रेडियोसर्जरी केंद्र की आधारशिला रखी। यह सुविधा जटिल मस्तिष्क विकारों के लिए अत्यधिक सटीक और कम चीरफाड़ वाला उपचार प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्र की तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल क्षमताओं में वृद्धि होगी।

प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में नए पूजाप्पुरा प्रधान डाकघर का भी उद्घाटन किया। यह आधुनिक और प्रौद्योगिकी-सक्षम सुविधा डाक, बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करेगी, जो नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को और मजबूत करेगी।

केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, केंद्रीय मंत्री वी सोमन्ना और जॉर्ज कूरियन तथा तिरुवनंतपुरम के महापौर वीवी राजेश समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.