March 28, 2026

बदरी केदार मंदिर समिति के सीईओ पद पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को दिया गया अतिरिक्त प्रभार

बीकेटीसी के सीईओ विजय थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के बाद से यह पद खाली था। इस पर आज रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया।

बदरी केदार मंदिर समिति के सीईओ पद पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को अतिरिक्त प्रभार दिया गया। अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति में नए मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए कवायद हो रही थी।

बीकेटीसी के सीईओ विजय थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के बाद से पद खाली था। 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। चारधाम यात्रा की तैयारियों को देखते हुए प्रदेश सरकार जल्द बीकेटीसी में सीईओ की तैनाती करने की तैयारी में थी।

कई पीसीएस अधिकारी भी सीईओ पद पर सेवाएं देने के लिए सिफारिश लगा रहे थे। देश के प्रसिद्ध मंदिर महाकाल मंदिर, वैष्णो देवी, तिरुपति बालाजी, सिद्धि विनायक समेत अन्य बड़े मंदिरों में प्रशासनिक पद पर आईएएस अधिकारी को तैनात किया जाता है। इसी तर्ज पर सरकार इस बार बदरी केदार मंदिर समिति के सीईओ पद पर तैनात करने की तैयारी कर रही थी। आखिर में रुद्रप्रयाग डीएम को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.