The Election Commission of India has announced the election schedule for the 18th Lok Sabha elections-2024.
दिल्ली, भारत निर्वाचन आयोग ने 18वीं लोकसभा चुनाव-2024 के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रेस कॉफ्रेस करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, देश की 543 लोकसभा सीटों पर चुनाव 7 चरणों में संपन्न होंगे। 4 जून को मतगणना की जाएगी। उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटों टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ , नैनीताल-उधम सिंह नगर और हरिद्वार लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।
पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवा चरण 20 मई, छठवां चरण 25 मई, सातवा चरण 1 जून को संपन्न होगा।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, “लगभग 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता है। 10.5 लाख मतदान केंद्र और 1.5 करोड़ मतदान अधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी 55 लाख ईवीएम के लिए अपना कर्तव्य निभाएंगे। उन्होंने कहा कि, “हम देश को वास्तव में उत्सवपूर्ण, लोकतांत्रिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त हो रहा है।
लोकसभा चुनाव-2024 के साथ ही चार राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। जबकि इसी दौरान कुछ राज्यों की रिक्त 26 विधानसभा सीटों में उपचुनाव भी कराए जाएंगे।
प्रेस कॉफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधु भी मौजूद थे।
***
