आक्रांता सोमनाथ पर हमला कर रहे थे, उन्हें लग रहा था कि उनकी तलवार सनातन सोमनाथ को जीत रही है लेकिन आक्रांता सोमनाथ का वजूद नहीं मिटा पाए: प्रधानमंत्री मोदी,
Gujrat 11 January 2026,
गुजरात में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में, मुझे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सक्रिय सेवा का अवसर मिला है। ये पीछे से कुछ और आवाज चल रही है भाई, इसे बंद किया जाए। 72 घंटों तक अनवरत ओंकार का नाद, 72 घंटों का अनवरत मंत्रोच्चार, और मैंने देखा कल शाम को एक हजार ड्रोन्स द्वारा वैदिक गुरुकुलों के एक हजार विद्यार्थियों की उपस्थिति, सोमनाथ के एक हजार वर्षों की गाथा का प्रदर्शन, और, आज 108 अश्वों के साथ मंदिर तक शौर्य यात्रा, मंत्रों और भजनों की ये अद्भुत प्रस्तुति सब कुछ मंत्रमुग्ध कर देने वाला है। इस अनुभूति को शब्द अभिव्यक्त नहीं कर सकते, इसे केवल समय ही संकलित कर सकता है। इस आयोजन में गर्व है, गरिमा है, गौरव है और इसमें गरिमा का ज्ञान भी है। इसमें है वैभव की विरासत है। इसमें है अध्यात्म की अनुभूति। अनुभव है, आनंद है, आत्मीयता है और सबसे बढ़कर देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद है।
प्रधानमंत्री ने स्मरण किया कि, ठीक एक हजार साल पहले, ठीक इसी जगह पर जहां आप बैठे हैं, क्या माहौल रहा होगा, आप जो यहां उपस्थित हैं, उनके पुरखों ने, आपके पुरखों ने, हमारे पुरखों ने, जान की बाजी लगा दी थी। अपनी आस्था के लिए, अपने विश्वास के लिए, अपने महादेव के लिए, उन्होंने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। हजार साल पहले तब वो आततायी सोच रहे थे कि हमें जीत लिया। लेकिन आज एक हजार साल बाद भी, सोमनाथ महादेव के मंदिर पर फहरा रही ध्वजा, पूरी सृष्टि का आह्वान कर रही है कि हिंदुस्तान की शक्ति क्या है, उसका सामर्थ्य क्या है। प्रभास पाटन तीर्थ की इस मिट्टी का कण-कण, शौर्य, पराक्रम और वीरता का साक्षी है। सोमनाथ के इस स्वरूप के लिए, कितने ही शिवभक्तों ने, संस्कृति के उपासको ने, संस्कृति के घ्वजधारकों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर, सबसे पहले मैं हर उस वीर-वीरांगना को नमन करता हूं, जिसने सोमनाथ की रक्षा को, मंदिर के पुनर्निमाण को अपना जीवन ध्येय बनाया, अपना सब कुछ देवाधिदेव महादेव को अर्पण कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उस वक्त आक्रांता सोच रहे थे कि वे जीत गए हैं, लेकिन आज भी सोमनाथ मंदिर में फहरा रही ध्वजा बता रही है कि हिंदुस्तान की शक्ति क्या है। दुर्भाग्य से आज भी हमारे देश में वे ताकतें मौजूद हैं, जिन्होंने सोमनाथ के पुनर्निर्माण का विरोध किया था। हमें आज भी ऐसी ताकतों से सावधान रहना है, जो हमें बांटने की कोशिश में लगी हुई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आक्रांता सोमनाथ का वजूद नहीं मिटा पाए। आज उस इतिहास के बारे में कल्पना कीजिए, आज से हजार साल पहले सन 1026 में सबसे पहले गजनी ने सोमनाथ मंदिर को तोड़ा, उसे लगा उसने सोमनाथ का वजूद मिटा दिया। लेकिन, कुछ वर्षों के भीतर-भीतर सोमनाथ का पुनर्निमाण हो चुका था। बारहवीं शताब्दी में राजा कुमारपाल ने मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार करा दिया था। लेकिन तेरहवीं शताब्दी के अंत में अलाउद्दीन खिलजी ने सोमनाथ पर फिर आक्रमण का दुस्साहस कर दिया। कहते हैं, जालौर के रावल ने खिलजी सेनाओं से जमकर लोहा लिया, इसके बाद चौदहवीं शताब्दी की शुरुआत में जूनागढ़ के राजा द्वारा फिर से सोमनाथ की प्रतिष्ठा संपन्न कर दी गई। चौदहवीं शताब्दी के आखिरी वर्षों में मुज़फ़्फ़र ख़ान ने सोमनाथ पर फिर हमला किया, वो हमला भी नाकाम रहा। पंद्रहवीं शताब्दी में सुल्तान अहमद शाह ने सोमनाथ मंदिर को दूषित करने की कोशिश की, और इसी शताब्दी में उसके पोते सुल्तान महमूद बेगड़ा ने सोमनाथ पर आक्रमण कर मंदिर को मस्जिद बनाने की कोशिश की, लेकिन, महादेव के भक्तों के प्रयासों से मंदिर पुनः जीवंत हो उठा। सत्रहवीं-अठारवीं शताब्दी में औरंगजेब का दौर आया। उसने सोमनाथ मंदिर को अपवित्र किया, सोमनाथ को फिर मस्जिद बनाने की कोशिश की। उसके बाद भी, अहिल्याबाई होल्कर ने नए मंदिर की स्थापना कर सोमनाथ को एक बार फिर साकार कर दिया। यानी, सोमनाथ का इतिहास विनाश और पराजय का इतिहास नहीं है। ये इतिहास विजय और पुनर्निर्माण का है। हमारे पूर्वजों के पराक्रम का है, हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदानका है। आततायी आते रहे, मजहबी आतंक के नए-नए आक्रमण होते रहे, लेकिन, हर युग में सोमनाथ पुनः-पुनः स्थापित होता रहा। इतनी सदियों तक का ये संघर्ष, इतना लंबा प्रतिकार, इतना महान धैर्य, सृजन और पुनर्निर्माण का ऐसा जीवट, ये सामर्थ्य, अपनी संस्कृति में ऐसा विश्वास और ऐसी आस्था, दुनिया के इतिहास में ऐसा उदाहरण मिलना मुश्किल है। जरा मुझे जवाब देना भाई, हमें अपने पूर्वजों के पराक्रम का पुनः स्मरण करना चाहिए की नहीं ? अपने पूर्वजों द्वारा किए हुए पराक्रमो में से प्रेरणा लेनी चाहिए या नहीं लेनी चाहिए? ऐसा कोई पुत्र होता है, ऐसी कोई संतान होती है जो अपने पूर्वजो के पराक्रमो को भूलने का नाटक करें।
प्रधानमंत्री ने मजहबी कट्टरपंथियों पर प्रहार करते हुए कहा , मजहबी कट्टरपंथी कुछ नहीं बिगाड़ पाए । जब आक्रांता सोमनाथ पर हमला कर रहे थे, उन्हें लग रहा था कि उनकी तलवार सनातन सोमनाथ को जीत रही है, लेकिन वे मजहबी कट्टरपंथी यह नहीं समझ पाए कि जिस सोमनाथ को वे नष्ट करना चाहते थे। उसके नाम में ही सोम अर्थात अमृत जुड़ा है। उसमें हलाहल को पीकर भी अमर रहने का विचार जुड़ा है।
मोदी शनिवार शाम सोमनाथ पहुंचे थे। यहां सोमनाथ मंदिर पर साल 1026 में हुए पहले आक्रमण के हजार साल पूरे होने पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया गया।
