December 18, 2025

राम जन्मभूमि के लिए जो आंदोलन शुरू हुआ था, वह आज सार्थकता की ओर आगे बढ़ रहा है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

अयोध्या, आज अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जा रही है। यह भव्य उत्सव 11 से 13 जनवरी तक चलेगा। इस अवसर पर विशेष पूजा और अभिषेक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

रामलला का पंचामृत अभिषेक किया गया, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का प्रयोग हुआ। इसके बाद उन्हें गंगाजल से स्नान कराकर दिव्य श्रृंगार किया गया। रामलला को पीतांबर वस्त्र पहनाए गए, जो सोने के तारों से बुने गए थे। उनके मुकुट में जड़ा हीरा उनकी शोभा को और अधिक बढ़ा रहा था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस विशेष अवसर पर अयोध्या पहुंचे और रामलला की पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा,”धन्य अवध जो राम बखानी… अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला सरकार के श्री विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतिष्ठा-द्वादशी कार्यक्रम में… जय जय श्री राम!”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक बात ध्यान रखना होगा, कि, हमें समाज को बंटने नहीं देना है। यदि हम जाति के आधार पर बंटे रहेंगे, तो उत्पीड़न झेलना पड़ेगा। एक रहेंगे तो सनातन मजबूत होगा, देश मजबूत होगा। यदि भाषाई, क्षेत्रीय और जाति के आधार बंटेगे तो सबसे पहले इसका खामियाजा हमारे धार्मिक स्थलों को भुगतना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि के लिए जो आंदोलन शुरू हुआ था, वह आज सार्थकता की ओर आगे बढ़ रहा है। कहा कि जब दो वर्षों में राम मंदिर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, तब यह अयोध्या धाम पूरे विश्व में सबसे सुंदर नगरी के रूप में निखरेगा। कहा कि राम मंदिर में सुविधाओं को आगे बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने कहा,”अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से बना यह मंदिर हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है। मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।”

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.