राजनीति में कोई ‘पूर्ण विराम’ नहीं होता” विदाई समारोह में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मोहब्बत हमसे की शादी मोदी साहब से की: मल्लिकार्जुन खड़गे,
Delhi 14 March 2026,
हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा के लिए नए सदस्यों के निर्वाचन के बाद, 37 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। जिनमें एचडी देवेगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद पवार और रामदास आठवले मुख्य हैं। इस विदाई समारोह के मौके पर पक्ष और विपक्ष के शोर-शराबे वाले विरोध-प्रदर्शनों से हटकर आज राज्यसभा में हंसी के ठहाके भी गूंजें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन कहा, यह एक ऐसी बात है जो हम सभी को इन वरिष्ठ नेताओं से सीखनी चाहिए। मैं उनके योगदान की तहे दिल से सराहना करता हूं, क्योंकि इतना लंबा कार्यकाल कोई छोटी बात नहीं है, यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सदन में कई मुद्दों पर चर्चा होती है और हर कोई इसमें बहुत महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा आज जो सदस्य विदा हो रहे हैं, उनमें से कुछ इस उम्मीद के साथ जा रहे हैं कि वे फिर से लौटेंगे। वहीं, कुछ सदस्य यहां प्राप्त अनुभवों को साथ लेकर जा रहे हैं और वे समाज तथा सार्वजनिक जीवन में सार्थक तरीकों से अपना योगदान जारी रखेंगे। श्री मोदी ने कहा कि सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चाएं होती हैं और हर सदस्य इनमें एक अनूठी भूमिका निभाता है। ऐसे क्षणों में, दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर, आपसी सम्मान की एक साझा भावना उत्पन्न होती है। उन नेताओं से, जो अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सदन छोड़ रहे हैं, मैं यह कहना चाहता हूं कि राजनीति में कोई ‘पूर्ण विराम’ नहीं होता। प्रधानमंत्री ने कार्यकाल खत्म हो रहे राज्यसभा सांसदों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें शुभकामनाएं दी। आपका अनुभव और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।उन्होंने नवनिर्वाचित सांसदों को देवेगौड़ा, खड़गे और पवार जैसे अनुभवी नेताओं से सीखने की सलाह दी।
रामदास अठावले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कभी-कभी हम सुनते थे कि सदन में हास्य और व्यंग्य के लिए बहुत गुंजाइश होती है. आजकल, शायद यह धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन हमारे अठावले तो सदाबहार हैं।रामदास अठावले राज्यसभा में एक और कार्यकाल के लिए लौट रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विदाई समारोह में कहा कि, यहां बिताए समय ने उन्हें किस तरह समृद्ध किया है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के संस्थापकशरद पवार के बारे में भी बात की। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जो लोग राजनीति और सार्वजनिक जीवन में होते हैं, वे देश की सेवा के जुनून के चलते न तो कभी थकते हैं और न ही कभी रिटायर होते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद एचडी देवेगौड़ा पर खरगे ने कहा कि मैं देवेगौड़ा जी को 54 साल से अधिक समय से जानता हूं और मैंने उनके साथ बहुत काम किया। बाद में, मुझे नहीं पता कि क्या हुआ? वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ। पर पूरा सदन ठहाके से गूंज उठा। राज्यसभा में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हंसते हुए दिखाई दिए। खड़गे ने कहा कि शरद पवार और डीएमके के तिरुचि शिवा के साथ भी उनका लंबा जुड़ाव रहा है और उन्हें खुशी है कि वे एक और कार्यकाल के लिए राज्यसभा में लौट रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा,’वे अपनी कविताओं में हमेशा मोदीजी की तारीफ़ करते हैं। उन्हें दूसरी कविता आती ही नहीं है। जिस पर कांग्रेस सदस्यों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
बता दें कि, इस साल राज्यसभा में 37 सीटें खाली हुईं हैं। जहां 26 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं ।वहीं बाकी सीटें सोमवार को हुए चुनाव के बाद भरी गईं।
