भूस्खलन प्रभावित स्थलों के सुधार हेतु ₹461 करोड़ स्वीकृत, मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार और मरम्मत कार्यों के लिए ₹461 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर केंद्र सरकार और नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राज्य के लिए दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इससे सड़क अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इस स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर 17 भूस्खलन प्रभावित स्थलों के लिए ₹233 करोड़ तथा पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर 3 संवेदनशील स्थानों के लिए ₹228 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों से आपदा जोखिम में कमी आएगी और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-134, जो चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है, धरासू और कुठनोरी से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह क्षेत्र भूस्खलन के लिए संवेदनशील रहा है, जिससे यातायात बाधित होता रहा है। प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने पर इस मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर सुधार कार्यों से सीमांत क्षेत्रों तक संपर्क मजबूत होगा, जो सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है, जो विकास, पर्यटन और आपदा प्रबंधन के लिए अहम साबित होगा।
“उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार एवं मरम्मत के लिए ₹461 करोड़ की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह निर्णय राज्य में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, चारधाम यात्रा को सुगम बनाने तथा सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। हमारी सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं नागरिकों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है।” मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी”
