June 24, 2026

उत्तराखण्ड मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्य में अनेक जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

देहरादून 17 जून 2022,

उत्तराखण्ड मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्य में चार धाम समेत अनेक जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। पर्यटन विभाग ने उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में बने कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर या मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से मौसम व मार्गों की पूर्ण जानकारी लेकर और यात्रा करें । इसके अलावा यात्रा के दौरान तीर्थयात्री ऊनी कपड़े, छाता, रेनकोट, वाटरप्रूफ ट्रेकिंग शूज, चलने की छड़ी, टोपी, दस्ताने भी अपने साथ रखें।

मौसम विभाग के अनुसार 17 जून को अधिकांश स्थानों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। जबकि उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावनाएं जताई हैं। 18 जून को भी राज्य में बारिश की संभावना है। जबकि 19 जून को गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 20 व 21 जून को प्रदेश के जनपदों में कहीं-कहीं तीव्र बौछार होने के साथ कुमाऊं मंडल के जिलों के अनेक स्थानों व गढ़वाल मंडल के जिलों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम गजर्न के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में हल्का भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बंद होने, नदी-नालों में पानी बढ़ने को लेकर चेतावनी जारी की है। ऐसे में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए पर्यटकों को उत्तराखण्ड आने से पहले मौसम व मार्गों की पूर्ण जानकारी लेकर आने की सलाह दी जाती है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.