October 5, 2026

चारधाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक।

देहरादून 28 मार्च 2023,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा के लिए स्थानीय लोगों के पंजीकरण की अनिवार्यता को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को यात्रा में दर्शन करवाये जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए होटलों एवं होम स्टे में बुकिंग करा ली है, उनकी दर्शन के लिए भी व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले श्रद्धालु चारधाम यात्रा के साथ ही अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों पर भी जाएं, इसके लिए पर्यटन, पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्‍होंने कहा कि लोकल बार लोकल को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रमोट किया जाए। गढ़वाल मंडल विकास निगम में भी स्थानीय उत्पादों को रखा जाए।

उन्‍होंने यात्रा मार्गों के पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के रहने एवं सोने की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी यात्रा के लिए पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था की जाए और यात्रा मित्र के तौर पर कुछ स्थानीय लोगों को रखा जाए। यात्रा पर आने वाले वाहनों की फिटनेस का भी विशेष ध्यान रखा जाए और इसके लिए अन्य राज्यों से भी समन्वय किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से जो भी आवश्यक जानकारी लेनी है, केवल एक बार राज्य के एन्ट्री प्वाइंट पर ली जाय। यह सुनिश्चित किया जाए कि उत्तराखण्ड आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.