June 23, 2026

प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड स्वाभिमान पत्र (चुनाव घोषणापत्र) भी जारी किया।

  • देहरादून 02 फरवरी 2022,

उत्तराखंड: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, हमारी पीढ़ी का उत्त्तराखण्ड से करीब का रिश्ता रहा है। मौजूदा सरकार को देख कर दुख होता है। इन्होंने कुछ नहीं किया। जिस उम्मीद से जनता ने समर्थन किया था, उसको भाजपा ने इन पांच साल में तोड़ दिया है। वर्चुअल रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड स्वाभिमान पत्र (चुनाव घोषणापत्र) भी जारी किया है।

इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा सरकार के बदलाव की बात कही और कहा कि, बदलाव के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा देश में लोगों के बीच फूट डाल रही है। घर का मुखिया ही लड़ाई करवा रहे है। सकारात्मक बातें नहीं कर रहे है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्त्तराखण्ड के बेहतर भविष्य के लिए बदलाव करना जरूरी है। इस चुनाव में जनता को बहकना नहीं है । गुमराह करने वालों की अब नहीं चलेगी। हक के लिए लड़ो।अपने सबसे बड़े हथियार वोट का अधिकार का उपयोग करें।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा ने काँग्रेस के विकास कार्यों से आगे कुछ नहीं किया है, सिर्फ बड़े बड़े उदघाटन किये हैं। विज्ञापनों पर खर्च किया लेकिन समस्याओं पर खर्च नहीं किया। सरकार की नीयत ठीक नहीं। पेट्रोल डीजल के महंगे होने से भाजपा का ही इंजन फेल हो गया है।

उन्होंने कहा कि, उत्तराखंड की बहनों का जीवन संघर्ष का है। सारे परिवार का बोझ उठाती है। कोरोना का बोझ भी उठाया। भाजपा सरकार ने आशा व आंगनबाड़ी का मानदेय नहीं बढ़ाया, बल्कि उनको जेल में डालने का काम किया।

भाजपा सरकार रोजगार की जगह धर्म व जाति की बात करती है। आम जीवन को राहत नहीं दे पाई। किसानों की समस्या हल नहीं की। किसानों को खाद नहीं मिलती। 14 हजार करोड़ का गन्ना बकाया नहीं दिया लेकिन पीएम ने 16 हजार के दो हवाई जहाज खरीदे।

प्रियंका ने कहा कि गैस सिलिंडर की कीमत पांच सौ रुपए के पार नहीं होगी । रोजगार व पर्यटन पुलिस से रोजगार बढ़ाये जाएंगे । पुलिस में 40 प्रतिशत रोजगार महिलाओं को दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय डेढ़ गुना किया जाएगा। 40 हजार सालाना मदद के अलावा महिलाओं को बस में फ्री यात्रा की सुविधा देंगे।

पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, नवप्रभात , प्रभारी देवेंद्र यादव,  आब्जर्वर मोहन प्रकाश भी उपस्थित थे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.