June 24, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को अपना इस्तीफा सौंपा।

देहरादून 11 मार्च 2022,

उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस्तीफा देने के बाद धामी ने पत्रकारों को बताया कि प्रदेश के राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है और नई सरकार के बनने तक मुख्यमंत्री बने रहने के लिए कहा है।

पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लड़े गए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है परंतु पुष्कर सिंह धामी खटीमा से चुनाव हार गए हैं। धामी की हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री बनाने की कवायद शुरू कर दी है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड विधान मंडल दल की बैठक दो-तीन दिन के भीतर आहूत की जाने वाली है। विधानमंडल दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री घोषित किए जाने की पूरी संभावना है इसके लिए उत्तराखंड भाजपा प्रभारी देहरादून पहुंच रहे हैं।

विधायकों में से मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में धन सिंह रावत और सतपाल महाराज तथा गैर विधायकों में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक , पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी का नाम मुख्य रूप से चर्चा में आ रहा है। इसके अलावा पुष्कर सिंह धामी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। पुष्कर सिंह धामी के लिए नवनिर्वाचित विधायक कैलाश गहतौड़ी ने अपनी सीट से इस्तीफा देने की घोषणा की है। भाजपा का मुख्यमंत्री तय करने में यदि भाजपा नेताओं में ज्यादा घमासान होता है तो ऐसी स्थिति में पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना प्रबल है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.