विधायक कैलाश चन्द्र गहतौड़ी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है: इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
देहरादून 21 अप्रैल 2022,
उत्तराखंड: चम्पावत विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक कैलाश चन्द्र गहतौड़ी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर सौंपा । उनका इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। विधायक गहतौड़ी ने यह सीट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए छोड़ी है। उनके इस्तीफा देने से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधायक बनने का रास्ता साफ हो गया है।
इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, संगठन महामंत्री अजय कुमार, विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल मौजूद थे।
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में धामी खटीमा विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी भुवन कापड़ी से पराजित हो गए थे। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने धामी को मुख्यमंत्री पद पर चयनित कर उत्तराखंड की कमान सौंप दी थी। मुख्यमंत्री पद पर आसीन रहने के लिए छः महीने की अवधि में उत्तराखंड विधानसभा की सदस्यता ग्रहण करना कानूनी बाध्यता है।
