June 24, 2026

हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री होंगे सुखविंदर सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी-सीएम, शपथग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजेे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में दोनों पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला मौजूद थे। विधायक दल की बैठक के बाद शुक्ला ने बताया कि विधायकों की राय के आधार पर अलाकमान ने फैसला किया है कि सुक्खू मुख्यमंत्री और अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। अग्निहोत्री पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। कांग्रेस आलाकमान ने नदौन से विधायक 58 वर्षीय सुक्खू के नाम पर रजामंदी दी। नई सरकार का शपथ ग्रहण रविवार सुबह 11 बजे होगा। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं।

हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में 26 मार्च 1964 को जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में चालक थे। माता संसार देई गृहिणी हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहली से एलएलबी तक की पढ़ाई शिमला में ही हुई है।

चार भाई-बहनों में सुखविंदर सिंह सुक्खू दूसरे नंबर पर हैं। बड़े भाई राजीव सेना से रिटायर हैं। दो छोटी बहनों की शादी हो चुकी है। 11 जून 1998 को सुखविंदर सिंह सुक्खू की शादी कमलेश ठाकुर से हुई। इनकी दो बेटियां हैं जो दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही हैं।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एनएसयूआई से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। संजौली कॉलेज में पहले कक्षा के क्लास रिप्रेजेंटेटिव और स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के महासचिव चुने गए। उसके बाद राजकीय महाविद्यालय संजौली में स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए। 1988 से 1995 तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष बने। 1995 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने।

1998 से 2008 तक युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। नगर निगम शिमला के दो बार चुने हुए पार्षद बने। 2003, 2007, 2017 और अब 2022 में नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए। 2008 में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बने। 8 जनवरी 2013 से 10 जनवरी 2019 तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। अप्रैल 2022 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य बने।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.