June 24, 2026

गौरीकुंड और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने के लिए बनी 900 मीटर लंबी सुरंग, अब आवाजाही हुई शुरू

गौरीकुंड और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने के लिए बनी सुरंग पर आवाजाही शुरू हो गई है। सुरंग के उपयोग से बाईपास और बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।

जिला मुख्यालय में गौरीकुंड और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने के लिए बनाई गई 900 मीटर लंबी सुरंग को यात्रा के लिए अस्थायी रूप से खोल दिया गया है। इस सुरंग से तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि व स्थानीय वाहनों को बेलणी पुल के रास्ते से भेजा जा रहा है जिससे बाजार में जाम की स्थिति पैदा नहीं हो।

सोमवार को सुरंग को अस्थायी यातायात के लिए खोला गया है। सुरंग के उपयोग से बाईपास और बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। रुद्रप्रयाग कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने बताया कि देहरादून, ऋषिकेश से केदारनाथ आने वाले वाहनों को बाईपास से सोनप्रयाग के लिए रवाना किया जा रहा है।

बदरीनाथ जाने वाले वाहन रैंतोली से मुख्य बाजार होते हुए संचालित किए जा रहे हैं। अब जवाड़ी, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि से नागनाथ पोखरी, कलक्ट्रेट, विकास भवन, कोठगी क्षेत्र जाने वाले वाहनों को नवनिर्मित सुरंग से संचालित किया जा रहा है।

 

सुविधा से संबंधित लोगों को अनावश्यक लंबा फेरा नहीं लगाना पड़ रहा है। साथ ही बाईपास, मुख्य बाजार व केदारनाथ तिराहे में लगने वाले जाम से निजात मिल रही है। इसके अलावा आपातकालीन सेवा के तहत एंबुलेस, पुलिस और राहत वाहनों को भी सुरंग से संचालित किया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.