August 18, 2026

सिद्धपीठ माँ सुरकंडा देवी मंदिर जाने के लिए लगभग ₹5 करोड़ की लागत से बनने वाले 502 मीटर लंबी रोपवे सेवा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया

देहरादून 01 मई 2022,

उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल स्थित सिद्धपीठ माँ सुरकंडा देवी मंदिर जाने के लिए लगभग ₹5 करोड़ की लागत से बनने वाले 502 मीटर लंबी रोपवे सेवा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया और मां सुरकंडा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख एवं समृद्धि की कामना की है।

उत्तराखण्ड राज्य गठन होने के बाद सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे सेवा, पहली महत्वपूर्ण रोपवे परियोजना है जिसका निर्माण राज्य पर्यटन विभाग द्वारा किया गया है। इसमें लगभग ₹5 करोड़ की लागत आई है , जिसकी लंबाई 502 मीटर है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माँ सुरकंडा देवी के लिए रोपवे सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को सुगमता होगी। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों की आजीविका भी बढ़ेगी। उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी को इस क्षेत्र में स्थाई हेलीपेड के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि, रोपवे परियोजना यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए प्रदूषण मुक्त यातायात का प्रमुख साधन है। राज्य सरकार द्वारा केंद्र की पर्वतमाला योजना के अंतर्गत जनपदों में विभिन्न रोपवे परियोजनाओं के निर्माण हेतु कार्यवाही की जा रही है।

श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य में सभी क्षेत्रों में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। चारधाम यात्रा में इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं को हर सुविधा मिले, इसके पूरे प्रयास किए गए हैं।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज विधायक ,प्रीतम सिंह पंवार, किशोर उपाध्याय, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती ईवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी टिहरी नवनीत भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी टिहरी सुश्री नमामि बंसल आदि उपस्थित रहे।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.