February 3, 2026

मसूरी विंटर लाइन कार्निवल 2022″ का भव्य शुभारंभ।

देहरादून 26 दिसंबर 2022,

भव्य समारोह के बीच बहुप्रतीक्षित “मसूरी विंटर लाइन कार्निवल 2022” का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी चौक मसूरी में शुभारंभ किया। इस अवसर पर मसूरी वासियों को मसूरी विंटर लाइन कार्निवल 2022 के आयोजन की बधाई देते हुए श्री धामी ने कहा कि नैसर्गिक सौंदर्य से पूरित देवभूमि उत्तराखण्ड का प्रत्येक क्षेत्र एक विशेष प्रकार की ऊर्जा लिए हुए है। नए वर्ष के आगमन के साथ मसूरी विंटर लाइन कार्निवल का आयोजन देश-विदेश के पर्यटकों तथा विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों आदि के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध मसूरी का यह विंटर कार्निवाल पर्यटन व लोक संस्कृति का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि मसूरी विंटर कार्निवाल उत्तराखंडवासियों के लिए ही नहीं बल्कि उत्तराखंड आए सभी पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। विंटर कार्निवाल के माध्यम से राज्य के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का भी सुनहरा अवसर प्राप्त हो रहा है। देश-विदेश से आए प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इसे और भी अधिक मनोहारी बनाने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी के लिए गौरव की बात है कि पहाड़ों की रानी मसूरी ने विश्व पर्यटन के मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक मसूरी की ओर रुख करते हैं। सर्दियों में भी चांदी सी चमकती बर्फ का आनंद लेने के लिए अनेकों सैलानी मसूरी के आस-पास बड़ी संख्या में उमड़ते हैं |

श्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार पर्यटन तथा पर्यटक दोनों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए नित नई योजनाओं को लागू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता है कि विंटर कार्निवाल जैसे कार्यक्रम सरकार के “पर्यटन विकास के अभियान” को सफल बनाने में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं।

मसूरी गांधी चौक में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उत्तराखंड का पहाड़ी महिला बैंड के कलाकारों ने माधुरी बड़थ्वाल के साथ मांगल गीत प्रस्तुत किया तथा आईटीबीपी के पुरुष बैंड तथा सीआरपीएफ के महिला बैंड ने प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून श्रीमती सोनिका, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून दलिप सिंह कुंवर , अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ एस के बरनवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, उप जिलाधिकारी मसूरी शैलेंद्र नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार, सहायक निदेशक सूचना बी सी नेगी, जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास अखिलेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा पर्यटक उपस्थित थे |

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.