August 17, 2026

राज्य में जबरन धर्मान्तरण की रोकथाम के लिए भी सख्त कानून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

देहरादून 26 मई 2023,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में हिन्दू परिषद द्वारा आयोजित केन्द्रीय मार्ग-दर्शक मण्डल की बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आज के सत्र का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में धर्म एवं संस्कृति का लगातार उत्थान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम का भव्य मन्दिर बनाने का कई वर्षों का सपना अब साकार होने जा रहा है। वहां श्रीराम का भव्य व दिव्य मन्दिर तैयार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि, चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आने वाले समय में रोपवे बन जाने से केदारनाथ तथा हेमकुंट धाम की यात्रा और भी आसान होने वाली है। चारधाम यात्रा की भांति कुमाऊँ में मानासखंड मन्दिर माला मिशन के तहत कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता के लिए बनाई गई समिति ने 90 प्रतिशत से अधिक का कार्य पूरा कर लिया है, जो आगामी 30 जून तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर देगी।उन्होंने कहा कि राज्य में जबरन धर्मान्तरण की रोकथाम के लिए भी सख्त कानून बनाया गया है।

बैठक में परम महामण्डलेश्वर स्वामी परमानन्द गिरिजी महाराज, शंकराचार्य वासुदेवानन्द सरस्वती जी, राम राजेश्वरा जी महाराज, महामण्डलेश्वर विश्वेश्वरानन्द जी महाराज, महामण्डलेश्वर यतीन्द्रानन्द गिरि जी, स्वामी विवेकानन्द जी महाराज आदि ने भी विचार रखे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.