देहरादून: 19 नवंबर को रोजगार मेला, 17 कंपनियां देंगी ,1200 युवाओं को नौकरी का मौका
उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेवायोजन विभाग की ओर से 19 नवंबर को देहरादून में रोजगार मेला का आयोजन, इस रोजगार मेले में देश की 17 नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी और करीब 1200 पदों पर भर्ती करेंगी। खास बात यह है कि 10वीं पास से लेकर स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारक युवा भी नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान/नेग ने बताया कि रोजगार मेले में सुरक्षा गार्ड, इंजीनियरिंग, मशीन ऑपरेटर, बैंकिंग, सेल्स, मार्केटिंग और अस्पतालों सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास से लेकर बीटेक, बीएससी नर्सिंग और अन्य तकनीकी एवं व्यावसायिक डिग्री निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 13 हजार 500 रुपये से लेकर 32 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिल सकता है।
हीरो मोटोकॉर्प हरिद्वार में 250 पदों पर भर्ती करेगा। इसके अलावा एस्सेमन में 100 से अधिक, टाटा मोटर्स में 30, आईटीसी में 22 और अन्य कंपनियों में भी विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, टैलेंट एक्सपर्ट, बैंकिंग और सेल्स-मार्केटिंग के क्षेत्र में भी युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा। आरजी स्टोन हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स और इलेक्ट्रीशियन के पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
ममता चौहान नेगी, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी देहरादून
