November 20, 2026

देहरादून: मुख्यमंत्री आवास में धूमधाम से मना इगास पर्व, सीएम धामी ने खेला भैलो

Bhailo

मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भैलो खेलकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इगास पर्व मनाया और लोक संस्कृति से जुड़े आयोजनों में भागीदारी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इगास हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पूर्वजों की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और लोक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक लोकपर्वों से जोड़ें, ताकि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत बनी रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। लोकपर्वों का संरक्षण और उनका उत्साहपूर्वक आयोजन उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.